Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:छात्रा से इश्क, जुदाई और सुसाइड की धमकी... प्यार में पागल गुरुजी ने वैशाली में किया शोले वाला ड्रामा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 28, 2026

BIHAR:छात्रा से इश्क, जुदाई और सुसाइड की धमकी... प्यार में पागल गुरुजी ने वैशाली में किया शोले वाला ड्रामा

Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत पेट्रोल पंप के पीछे सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका से बिछड़ने पर कूदकर जान देने की घोषणा करने लगा. घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया.


प्रेमिका से मिलने पर रोक के बाद उठाया कदम

हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अररिया जिले के ठेगापुर सतवेरा तेरा खुरदाह निवासी मिथलेश कुमार ठाकुर (24), पिता धर्मानंद ठाकुर के रूप में हुई है. युवक ने पुलिस को बताया कि वह बिदुपुर स्थित संत कबीर मठ में संचालित एम द आर्ट क्लासेज में कई वर्षों से पढ़ाता है. इसी दौरान उसे एक छात्रा से प्रेम हो गया और दोनों ने साथ जीवन बिताने का वादा किया था. युवक का आरोप है कि छात्रा के परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध करते हुए उसे कोचिंग जाने और घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी. प्रेमिका से संपर्क नहीं होने पर वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और टावर पर चढ़ गया.

तमाशबीनों की लगी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची बिदुपुर पुलिस ने काफी देर तक समझाइश और बातचीत कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, जांच के बाद होगी कार्रवाई

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिदुपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर टावर पर चढ़ने की यह पहली घटना नहीं है. करीब छह माह पहले भी दो अलग-अलग युवक प्रेम प्रसंग को लेकर अलग-अलग मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं. थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.