बेगूसराय में कट्टा लहराकर रंगदारी दिखा रहा था युवक, ग्रामीणों ने दबोचा; देसी कट्टा और 5 गोलियों के साथ गिरफ्तार
बेगूसराय: जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लोगों को डराने की कोशिश कर रहे एक युवक को ग्रामीणों की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कट्टा दिखाकर कर रहा था बहसबाजी
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को रघुनाथपुर गांव निवासी रवीश कुमार (19) गांव में कमर से कट्टा निकालकर लोगों के साथ बहस कर रहा था और रंगदारी दिखाने की कोशिश कर रहा था। युवक की हरकत से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
युवक की हरकत से नाराज ग्रामीण एकजुट हो गए और उसे पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसमें युवक के पास कट्टा और गोली दिखाई दे रही है। इसके बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके से किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसपी बोले- रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि सूचना मिली थी कि रघुनाथपुर गांव में एक युवक हथियार और गोलियों के साथ ग्रामीणों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पंकज कुमार ठाकुर के पुत्र रवीश कुमार (19) को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास हथियार और कारतूस कहां से आए तथा क्या उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है।