Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्विफ्ट डिजायर कार से 153 लीटर विदेशी शराब बरामद,तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 25, 2026

BIHAR NEWS:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्विफ्ट डिजायर कार से 153 लीटर विदेशी शराब बरामद,तस्कर गिरफ्तार

श्रावणी मेला से पहले भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 153 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर (कोशी लाइव): श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बाईपास थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 153 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदी एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त करने के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमामुद्दीन अंसारी (पिता- हारुन अंसारी), निवासी बासमुंडी गांव, पौड़ेया थाना क्षेत्र, गोड्डा (झारखंड) के रूप में हुई है।

बाईपास थाना अध्यक्ष चनवीर यादव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से अवैध विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने टाटा शोरूम के समीप वाहन जांच के लिए घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

वाहन की तलाशी के दौरान 17 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग ब्रांड की 375 एमएल की 360 बोतलें तथा इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 375 एमएल की 48 बोतलें शामिल थीं। कुल मिलाकर 153 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह केवल वाहन चालक है और प्रत्येक खेप पहुंचाने के बदले उसे ₹5,000 पारिश्रमिक मिलता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप झारखंड के गोड्डा से लोड कर खगड़िया ले जाई जा रही थी।

विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर इस अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य तस्करों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।