खगड़िया: बेलदौर पुलिस ने 664 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप किया बरामद, तस्कर वाहन छोड़कर फरार
खगड़िया: बेलदौर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से 664 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सहरसा से कुछ लोग एक चारपहिया वाहन में मादक पदार्थ लेकर एनएच-107 के रास्ते ऊसराहा पुल की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआई अभिषेक कुमार अपनी टीम के साथ माली पंचायत पहुंचे।
बैरिकेडिंग देख तस्कर फरार
पुलिस ने माली गांव स्थित धर्मकांटा के समीप एनएच-107 पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान तस्करों को पुलिस की मौजूदगी का आभास हो गया और वे वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
तीन बोरों से मिली 664 बोतल कफ सिरप
लावारिस वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को तीन बोरों में 664 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। इसके बाद वाहन और बरामद खेप को जब्त कर बेलदौर थाना लाया गया।
तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस वाहन के चालक और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।