हेडलाइन:
किऊल माल गोदाम में CBI का बड़ा ट्रैप, 50 हजार रिश्वत लेते गुड्स सुपरवाइजर और सहयोगी गिरफ्तार
खबर:
लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले के किऊल रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के गुड्स सुपरवाइजर पी. सुबंधु को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी मनीष कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम दोनों को अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई (शुक्रवार) की शाम सीबीआई की टीम ने रेल यार्ड स्थित माल गोदाम में गोपनीय तरीके से ट्रैप बिछाया था। आरोप है कि गुड्स सुपरवाइजर पी. सुबंधु एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। जैसे ही रुपये का लेन-देन हुआ, सीबीआई टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
माल गोदाम स्टेशन से कुछ दूरी पर एकांत क्षेत्र में स्थित होने और पूरी कार्रवाई गोपनीय ढंग से किए जाने के कारण इसकी जानकारी तत्काल सार्वजनिक नहीं हो सकी। दो दिन बाद रविवार को मामला सामने आने पर रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का प्रमुख विषय बन गया।
पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने गुड्स सुपरवाइजर और उनके सहयोगी की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने कहा कि मामला सीबीआई से संबंधित है, इसलिए विस्तृत जानकारी एजेंसी की ओर से ही जारी की जाएगी।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार गुड्स सुपरवाइजर पी. सुबंधु रेलवे यूनियन से भी जुड़े रहे हैं, जिससे उनकी गिरफ्तारी के बाद रेलकर्मियों में भी काफी चर्चा है। फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।