सीवान हिंसा: गोली लगने से घायल तीनों की हालत गंभीर, मेदांता अस्पताल रेफर
सीवान: बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई हिंसा और फायरिंग में घायल तीनों लोगों की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में शेख मोहल्ला निवासी मो. आरिफ, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार और सीवान के दरौली निवासी विक्की कुमार गौड़ शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार मो. आरिफ के गले में गोली लगी है, जिससे उनकी स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। वहीं आकाश कुमार के कंधे और विक्की कुमार गौड़ के पैर में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
बिहार बंद के दौरान भड़की थी हिंसा
शनिवार को बिहार बंद के दौरान सीवान में छात्र संगठनों के प्रदर्शन के बीच हालात अचानक बेकाबू हो गए। गांधी मैदान और जेपी चौक इलाके में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और फायरिंग की घटनाएं हुईं, जिसके बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
कई पुलिसकर्मी और राहगीर भी घायल
हिंसा के दौरान पथराव में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना के एक पुलिस पदाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रदर्शनकारियों और राहगीरों को भी चोटें आईं। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
100 से अधिक लोग हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। पुलिस फायरिंग, पथराव और हिंसा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।