हेडलाइन:
मोतिहारी में नोट डबल गैंग का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार; बर्खास्त BMP जवान निकला मास्टरमाइंड
सबहेड:
जाली नोट, हथियार, पुलिस वर्दी और तीन बाइक बरामद, दो बर्खास्त होमगार्ड जवान भी गिरफ्तार
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले की मुफ्फसिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली नोट और नोट डबल गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार पुलिस का एक बर्खास्त BMP जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान जाली नोट, हथियार, पुलिस वर्दी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
बर्खास्त जवान चला रहा था गिरोह
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि बिहार पुलिस से बर्खास्त सिपाही बिदुर सहनी इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। वह अपने साथियों के साथ जाली नोट का कारोबार, नोट डबल करने के नाम पर ठगी और हथियार के बल पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
9 आरोपी गिरफ्तार
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुवांरी देवी चौक पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी बिदुर सहनी, आकाश कुमार और प्रदीप कुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बासमनपुर गांव में छापेमारी कर राम प्रवेश भगत, कुंदन कुमार, चंदेश्वर गिरी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हथियार, पुलिस वर्दी और जाली नोट बरामद
छापेमारी के दौरान कुंदन कुमार के घर से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं अमिरी पंडित के घर से पुलिस वर्दी के तीन पैंट, दो शर्ट और एक बेल्ट जब्त किए गए। पुलिस ने गिरोह के पास से 34 हजार रुपये नकद, 'चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया' अंकित 500 रुपये के नोट जैसे दिखने वाले 4 लाख रुपये के जाली नोट, 200 और 100 रुपये के नोट के आकार में कटे सादे कागज, 8 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
लालच देकर करते थे ठगी
मुफ्फसिल थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यह गिरोह लोगों को रुपये दोगुना या तीन गुना करने का झांसा देकर जाली नोट थमाता था। कई मामलों में आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर हथियार का भय दिखाते हुए ठगी और लूटपाट भी करते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क अन्य जिलों तक फैला हो सकता है।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।