हेडलाइन:
मोतिहारी में अवैध कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़, 500 से अधिक कारतूस बरामद; मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार
सब-हेडलाइन:
पांच थानों की संयुक्त कार्रवाई, गन पाउडर, केमिकल और कारतूस बनाने की मशीनें भी जब्त
खबर:
पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया क्षेत्र में संचालित अवैध कारतूस निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पांच थानों की संयुक्त छापेमारी में 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री के मास्टरमाइंड समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मास्टरमाइंड की पहचान गढ़हिया थाना क्षेत्र के मड़पा मोहन गांव निवासी श्रीकांत सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और गोलीबारी से जुड़े पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वह वर्ष 2012 में यूएपीए (UAPA) के तहत भी जेल जा चुका है।
यह कार्रवाई एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल के नेतृत्व में मेहसी, चकिया, मधुबन, गढ़हिया, फेनहारा थाना पुलिस तथा जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने की। छापेमारी के दौरान कारतूस बनाने वाली मशीन, मेटल शीट, गन पाउडर और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने नाइट्रिक एसिड, रेड फास्फोरस, एसीटोन, चारकोल सहित बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और कारतूस निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी जब्त की है। पूरे नेटवर्क की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की जा रही है।
पुलिस ने कारतूस खरीदकर सप्लाई करने वाले कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त छापेमारी टीम को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। मामले की विस्तृत जानकारी एसडीपीओ चकिया प्रेस वार्ता में साझा करेंगे।