हेडलाइन:
खगड़िया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शराब के नशे में गिरफ्तार, सरकारी गाड़ी से 10 बोतल शराब बरामद
लखीसराय: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच लखीसराय में खगड़िया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (Supply Officer) दीपक कुमार भारद्वाज को शराब के नशे में गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने उनके चालक को भी नशे की हालत में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिला प्रशासन लिखी सरकारी क्रेटा वाहन से पांच बीयर और पांच अंग्रेजी शराब की बोतलें भी बरामद की हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
टाउन थाना के अपर थानाध्यक्ष ज्योतिष प्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लखीसराय शहर के पूर्वी कार्यानंद नगर मोहल्ले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अधिकारी तथा उनके चालक दीपक कुमार को नशे की हालत में पाया गया।
सरकारी वाहन से मिली शराब
पुलिस ने मौके पर खड़ी जिला प्रशासन लिखी सरकारी क्रेटा वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट से 600 एमएल की पांच बीयर की बोतलें और 750 एमएल की पांच अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया।
मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
दोनों आरोपियों को उत्पाद विभाग की टीम के पास मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। जांच में दोनों के शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
पहले से भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज के खिलाफ लखीसराय थाना में कांड संख्या 185/26 पहले से दर्ज है और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इस गिरफ्तारी के बाद पुराने मामले में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेगूसराय के रहने वाले हैं अधिकारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपक कुमार भारद्वाज मूल रूप से बेगूसराय जिले के शाम्हो क्षेत्र के निवासी हैं। वह पहले बेगूसराय में भी पदस्थापित रह चुके हैं और वर्तमान में लखीसराय के पूर्वी कार्यानंद नगर स्थित अपने आवास में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बरामद शराब, सरकारी वाहन तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।