हेडलाइन:
मधेपुरा में ट्रांसफार्मर तेल चोरी गिरोह का टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार, STF और शंकरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता
शंकरपुर (मधेपुरा): मधेपुरा जिले में ट्रांसफार्मर से तेल और विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ, तकनीकी सेल और शंकरपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार, पिता विश्वनाथ यादव, निवासी बरियाही वार्ड संख्या-10, थाना शंकरपुर के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह मधेपुरा बस स्टैंड के आसपास मौजूद है। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 जुलाई को संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि नीरज कुमार ट्रांसफार्मर से तेल और विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ शंकरपुर थाना सहित जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण उसे जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।
गौरतलब है कि 1 फरवरी 2026 को शंकरपुर पुलिस ने बरियाही गांव में छापेमारी कर एक घर और दुकान से करीब 400 लीटर ट्रांसफार्मर तेल तथा चोरी किए गए कई विद्युत उपकरण बरामद किए थे। उस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि नीरज कुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर तेल चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।