Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मनाली से लौट रहे नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत, आरा-बक्सर हाईवे पर ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो; 3 की जान गई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 5, 2026

BIHAR:मनाली से लौट रहे नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत, आरा-बक्सर हाईवे पर ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो; 3 की जान गई

हेडलाइन:

मनाली से लौट रहे नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत, आरा-बक्सर हाईवे पर ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो; 3 की जान गई

आरा: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में आरा-बक्सर हाईवे पर रविवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिहिया चौरास्ता के देघरा गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

मृतकों की पहचान प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और रिश्तेदार सौरव सिंह के रूप में हुई है। घायल की पहचान सिट्टू सिंह उर्फ कुमार गौरव के रूप में हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आरा सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह और उनकी पत्नी पल्लवी झारखंड के देवघर में रहते थे। दोनों हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमकर नोएडा के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ रिश्तेदार सौरव सिंह और सिट्टू सिंह भी स्कॉर्पियो में सवार थे। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे बिहिया के देघरा गांव के पास उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रकाश, पल्लवी और सौरव को मृत घोषित कर दिया, जबकि सिट्टू सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना रेफर किया गया।

फरवरी में हुई थी शादी, खुशियां मातम में बदलीं

प्रकाश और पल्लवी की शादी इसी वर्ष 12 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद दोनों नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। इसके बाद वे कुल्लू-मनाली घूमने पहुंचे। मनाली से लौटते समय वे नोएडा में अपने बहनोई के यहां रुके थे और शनिवार को देवघर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बताया जाता है कि प्रकाश मूल रूप से बिहार के सारण जिले के रहने वाले थे, लेकिन वर्षों पहले उनका परिवार झारखंड के देवघर में बस गया था। प्रकाश जियो कंपनी में कार्यरत थे और हादसे के समय वही स्कॉर्पियो चला रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पीछे से टक्कर होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।