Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:तेज रफ्तार हाइवा 3 घरों पर पलटा, 2 बच्चों समेत 3 की मौत,टायर फटने से हुआ हादसा, 6 से अधिक घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 3, 2026

BIHAR:तेज रफ्तार हाइवा 3 घरों पर पलटा, 2 बच्चों समेत 3 की मौत,टायर फटने से हुआ हादसा, 6 से अधिक घायल

 भागलपुर में तेज रफ्तार हाइवा 3 घरों पर पलटा, 2 बच्चों समेत 3 की मौत

टायर फटने से हुआ हादसा, 6 से अधिक घायल; लोगों ने 45 मिनट तक NH-31 जाम किया

भागलपुर। भागलपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 मासूम बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार बालू लदा हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तीन घरों पर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा की रफ्तार करीब 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक टायर फटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे घरों पर पलट गया।

हादसे में गुड्डू डोम की बेटी राधा कुमारी (4), अंकुश कुमार (3) और भिखारी डोम की पत्नी इंदु देवी (50) की मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राधा कुमारी का शव 20 से अधिक टुकड़ों में मिला। वहीं अंकुश कुमार बालू के ढेर में दब गया था।

अचानक तेज आवाज और मच गई चीख-पुकार

मृतका इंदु देवी के परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे घर में खाना बन रहा था और मजदूरी पर जाने की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक जोरदार आवाज आई और कुछ समझने से पहले ही हाइवा घर पर पलट गया।

परिजनों के अनुसार इंदु देवी बालू लदे ट्रक के नीचे दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया।

5 से 10 मिनट तक मलबे में दबे रहे लोग

घायल ममता ने बताया कि हादसे के वक्त वह घर के काम में लगी थीं। अचानक हाइवा पलटने से वह भी उसकी चपेट में आ गईं और उनके पैर में गंभीर चोट आई। उन्होंने बताया कि 5 से 10 मिनट तक वे बालू और मलबे के नीचे दबी रहीं।

स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय 10 से अधिक लोग मलबे और बालू के नीचे दब गए थे।

45 मिनट तक जाम रहा NH-31

पुलिस के अनुसार हाइवा खगड़िया से नवगछिया की ओर जा रहा था। टायर ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हुआ।

सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से बालू के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने NH-31 को लगभग 45 मिनट तक जाम कर दिया। प्रशासन और पुलिस के प्रयास से स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार ने कहा कि सड़क के सिंगल लेन होने और ओवरस्पीडिंग के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।