सुपौल में 10 कट्ठा जमीन विवाद में युवक की मौत, परिजनों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन
13 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद तोड़ा दम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया वार्ड-12 में 10 कट्ठा जमीन विवाद में घायल युवक की 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विद्यानंद पंडित के पुत्र रोशन Kumar (33) के रूप में हुई है।
गुरुवार देर रात पटना से बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले जाने के दौरान फुलपरास के समीप रास्ते में रोशन कुमार ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने घर के समीप एनएच-327ई पर शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
जमीन जोतने के दौरान हुआ खूनी हमला
बताया गया कि 20 जून की रात रोशन कुमार ट्रैक्टर से भाड़े पर लक्ष्मीनिया निवासी लखन यादव की विवादित 10 कट्ठा जमीन जोतने गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि हथियार से लैस लोगों ने रोशन कुमार को ट्रैक्टर से उतारकर फरसा समेत धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पहले उनका स्थानीय स्तर पर इलाज हुआ, फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
20 अज्ञात समेत कई लोगों पर केस दर्ज
मृतक की मां लालो देवी के बयान पर त्रिवेणीगंज थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है। इसमें मनोज यादव, कालीचरण यादव, दिलीप यादव, संतोष कुमार और बलिहारी यादव समेत छह लोगों को नामजद किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी कांड संख्या 236/26 दर्ज कर 17 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
रोशन कुमार अपने पीछे पत्नी पिंकी भारती, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।