हेडलाइन:
मोतिहारी में नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार; नेपाल तक फैले नेटवर्क का खुलासा
खबर:
पूर्वी चंपारण पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों की भारी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के जमला रोड स्थित माँ पटन देवी कार्गो सर्विसेज के पास विशेष छापेमारी की गई। सूचना थी कि दो युवक काले रंग की अपाची बाइक (BR05BS-0699) से नशीले इंजेक्शन लेकर रक्सौल की ओर जाने वाले हैं।
दंडाधिकारी नवनीत प्रकाश की मौजूदगी में गठित टीम ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान बाइक से तीन कार्टन नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के नोनियाडीह निवासी रमेश महतो (29) और महुअवा थाना क्षेत्र के पचपोखरिया निवासी गुड्डू कुमार (19) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि इंजेक्शन पटना से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजे गए थे। आरोपियों के अनुसार, यह खेप रक्सौल के परेवा निवासी विकास साह ने बुक कराई थी, जिसे नेपाल के परसा जिले के मधुवल निवासी प्रभु साह तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गहन जांच जारी है और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।