हेडलाइन:
सहरसा के पुराने बस स्टैंड में मिट्टी के ढेर से 123 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, एक बालक निरुद्ध
सहरसा/सनातन कुमार: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब कारोबार पर लगाम नहीं लग रही है। मध निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी के ढेर में छिपाकर रखी गई 123 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
मिट्टी के ढेर में छिपाकर रखी थी शराब
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पुराने बस स्टैंड परिसर में मिट्टी के ढेर के अंदर विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है और वहीं से उसकी आपूर्ति की जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी की खुदाई के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
ऑफिसर चॉइस ब्रांड के फ्रूटी पैक मिले
तलाशी के दौरान बरामद सभी शराब ऑफिसर चॉइस ब्रांड के फ्रूटी पैक में पाई गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 123 लीटर बताई गई है। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।
दोनों आरोपितों की हुई पहचान
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरविंद साह, पिता स्वर्गीय बहादुर साह, निवासी माहखर वार्ड संख्या-7, थाना सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) तथा जीतू कुमार, पिता सियाराम साह, निवासी गढ़बरुआरी वार्ड संख्या-6, थाना लोकहा (सुपौल) के रूप में हुई है।
नेटवर्क की जांच में जुटा उत्पाद विभाग
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।