हेडलाइन: सुपौल में चोरों का तांडव, एक ही रात 10 दुकानों के टूटे ताले; लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा
सुपौल: सुपौल शहर में मंगलवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पुराने रेलवे ढाला स्थित पटेल चौक के पास करीब 10 दुकानों के ताले तोड़ दिए। मुर्गा, मछली, पान-मसाला सहित कई दुकानों से नकदी और सामान चोरी होने की सूचना है। बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय दुकानदार और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। एक ही रात में इतनी बड़ी चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कारोबार प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मुर्गा, मछली और पान-मसाला दुकानों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पटेल चौक के आसपास स्थित करीब 10 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी के साथ-साथ कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मुर्गा दुकानों से कई किलो मुर्गे भी चोरी कर लिए गए। कई दुकानों का सामान बिखरा मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा संदिग्ध युवक
चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी करने आया था। उसने यह भी दावा किया कि चोरी का कुछ सामान पास की एक कबाड़ी दुकान में बेचा गया है।
इसके बाद लोगों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
सहरसा का रहने वाला बताया जा रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक ने अपनी पहचान अमित मिश्रा, पिता टुनटुन मिश्रा, निवासी सहरसा के रूप में बताई है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। उसके बयान के आधार पर फरार बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
व्यापारियों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग
एक साथ कई दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और पूरे गिरोह का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है। उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।