Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फौजी बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर ठगे रुपये; सेना का जवान नहीं, पंचर बनाने वाला निकला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 7, 2026

BIHAR:फौजी बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर ठगे रुपये; सेना का जवान नहीं, पंचर बनाने वाला निकला

हेडलाइन: फौजी बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर ठगे रुपये; सेना का जवान नहीं, पंचर बनाने वाला निकला

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में एक युवती ने एक युवक पर खुद को सेना का जवान बताकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर पैसे लेने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में मुख्य आरोपी मो. अरमान समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2026 में फेसबुक पर मो. अरमान से उसकी दोस्ती हुई। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी खुद को भारतीय सेना का जवान बताता था और सेना की वर्दी में तस्वीरें तथा वीडियो कॉल के जरिए भरोसा दिलाता था।

कमांडो ड्रेस पहनकर मिला, सीमा पर तैनाती और आतंकियों के कब्जे की कहानी सुनाई

शिकायत के अनुसार, पहली मुलाकात से पहले आरोपी ने सेना जैसी हेयरकट कराई और कमांडो ड्रेस पहनकर युवती से मिला। इसके बाद वह कभी खुद को पाकिस्तान सीमा पर तैनात बताता तो कभी आतंकियों के कब्जे में होने का दावा कर पैसों की जरूरत बताता रहा। इन बहानों से उसने कथित तौर पर कई किस्तों में युवती से रुपये लिए।

बाद में खुला राज, पहले से शादीशुदा निकला

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी सेना में नहीं है, बल्कि साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता है। साथ ही वह पहले से शादीशुदा भी है।

आरोप है कि विरोध करने पर जब युवती अपनी मां और चाचा के साथ आरोपी के घर पहुंची तो वहां उसके और परिजनों के साथ मारपीट की गई, जातिसूचक शब्द कहे गए और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान युवती ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी।

डिजिटल सबूत पुलिस को सौंपे

पीड़िता ने पुलिस को सेना की वर्दी में आरोपी की तस्वीरें, व्हाट्सएप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

नोट: यह आरोप पीड़िता की शिकायत और दर्ज एफआईआर पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।