मधेपुरा। मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मिले छह वर्षीय छात्र आनंद प्रेम के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार स्कूल संचालक की पत्नी और एक शिक्षक के बीच चल रहे अवैध संबंध का राज खुलने के डर से मासूम की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को शौचालय के पास पाइप से लटका दिया गया।
ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने बुधवार को बताया कि 7 जून को खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल परिसर से यूकेजी के छात्र आनंद प्रेम का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर मामले की गहन जांच शुरू की। एफएसएल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई गई।
जांच में सामने आया कि स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक अंकित कुमार और स्कूल संचालक सुनील कुमार यादव की पत्नी अंजलि कुमारी के बीच अवैध संबंध थे। घटना वाले दिन आनंद प्रेम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। पुलिस के अनुसार बच्चे के चिल्लाने पर अंजलि ने शिक्षक अंकित से कहा कि मामला खुल जाएगा। इसके बाद अंकित ने बच्चे का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी बाद में स्कूल संचालक सुनील कुमार को दी गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश रची। पहले बच्चे के शव को स्कूल से बाहर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों की मौजूदगी देखकर वे वापस लौट आए। इसके बाद शव को स्कूल परिसर में शौचालय के पास पाइप से गमछे के सहारे लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो।
मामले में पुलिस ने शिक्षक अंकित कुमार और स्कूल संचालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अंजलि कुमारी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक छात्र आनंद प्रेम पिछले छह महीने से जेडी पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में ही रहता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र की मां गुंजन देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।