Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 1.44 लाख रुपये नकद जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 25, 2026

SUPAUL:भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 1.44 लाख रुपये नकद जब्त

 

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 1.44 लाख रुपये नकद जब्त

सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी कुनौली क्षेत्र में विशेष जांच अभियान के दौरान एसएसबी ने एक व्यक्ति के पास से 1.44 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा बरामद की। रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर राशि को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

सीमा चौकी पर चल रहा था विशेष जांच अभियान

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा सुरक्षा और तस्करी रोकथाम अभियान के तहत सीमा चौकी कुनौली के जवान चेक पोस्ट संख्या-02 और सीमा स्तंभ संख्या-223 के पास विशेष जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

पूछताछ में पश्चिम बंगाल निवासी की हुई पहचान

पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान इनामुल मियां के रूप में बताई। वह पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के ब्रह्मत्तर छत्रा गांव का निवासी है। एसएसबी जवानों ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 1,44,600 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पूछताछ के दौरान इनामुल मियां ने बताया कि वह यह राशि नेपाल से भारत ला रहा था। हालांकि, जब एसएसबी अधिकारियों ने उससे धनराशि से संबंधित वैध दस्तावेज या अन्य प्रमाण मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद एसएसबी ने नियमानुसार पूरी राशि जब्त कर ली।

कस्टम विभाग कर रहा आगे की जांच

एसएसबी ने बरामद धनराशि को विधिवत जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क कार्यालय, कुनौली को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त की गई राशि का वास्तविक स्रोत क्या है और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।