हेडलाइन:
पूर्णिया को मिला पहला SSP, डॉक्टर से IPS बने डॉ. शौर्य सुमन संभालेंगे कमान
पूर्णिया: बिहार में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बीच सीमांचल के अहम जिले पूर्णिया को उसका पहला एसएसपी मिल गया है। बिहार सरकार ने डॉ. शौर्य सुमन को पूर्णिया का वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया है। वहीं मौजूदा एसपी स्वीटी सहरावत का तबादला पटना की विशेष शाखा में पुलिस अधीक्षक के पद पर किया गया है।
डॉ. शौर्य सुमन बिहार कैडर के 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से झारखंड से आने वाले शौर्य सुमन ने एमबीबीएस की पढ़ाई की और डॉक्टर के रूप में अपना करियर शुरू किया। बाद में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
पुलिस महकमे में उनकी पहचान तेज-तर्रार, तकनीकी समझ रखने वाले और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारी के रूप में रही है। उन्होंने कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी अलग पहचान बनाई है।
डॉ. शौर्य सुमन इससे पहले जमुई के एसपी रह चुके हैं। बाद में उन्हें पश्चिम चंपारण (बेतिया) का पुलिस अधीक्षक बनाया गया, जहां उन्होंने संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की। उनकी कार्यशैली को लेकर पुलिस विभाग में काफी चर्चा रही है।
वहीं निवर्तमान एसपी स्वीटी सहरावत के कार्यकाल को भी पूर्णिया में काफी सराहा गया। उनके नेतृत्व में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज हुआ, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई और जनसरोकार आधारित पुलिसिंग को मजबूती मिली।
पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र में भूमि विवाद, साइबर अपराध, नशा तस्करी, सड़क अपराध और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती माना जाता है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें नए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन पर टिकी हैं कि वे जिले में पुलिसिंग को किस तरह नई दिशा देते हैं।