Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:प्रिंस यादव का शव पैतृक गांव धमसेना पहुंचा:सहरसा में होगा अंतिम संस्कार, रोशन आनंद को मिली जमानत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 15, 2026

SAHARSA:प्रिंस यादव का शव पैतृक गांव धमसेना पहुंचा:सहरसा में होगा अंतिम संस्कार, रोशन आनंद को मिली जमानत

सहरसा। नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हुए प्रिंस यादव का पार्थिव शरीर रविवार देर शाम सहरसा जिले के उनके पैतृक गांव धमसेना पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरा माहौल गमगीन हो गया। प्रिंस के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक और परिचित जुट गए।

मृतक प्रिंस यादव पटना की चर्चित ज्ञान बिंदु अकैडमी के संस्थापक रोशन आनंद के छोटे भाई थे। हाल के दिनों में पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग मामले में नामजद होने के बाद वे नेपाल के विराटनगर में रह रहे थे। शनिवार रात एक होटल के कमरे में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

हालांकि प्रिंस यादव की मौत के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। नेपाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम भी कराया है, लेकिन रिपोर्ट अभी तक परिजनों को उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में मौत को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

रोशन आनंद को मिली जमानत
इस बीच, प्रिंस यादव के भाई और ज्ञान बिंदु अकैडमी के संचालक रोशन आनंद को राहत मिली है। रविवार सुबह अदालत में हुई सुनवाई के दौरान उन्हें जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद अब वे अपने भाई के अंतिम संस्कार और मुखाग्नि की रस्म में शामिल होंगे।

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे कई लोग
प्रिंस यादव के अंतिम दर्शन के लिए कई सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोग धमसेना पहुंचे। पटना के प्रसिद्ध शिक्षक **** भी गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

एस.के. झा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा, “इस दुखद घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने रोशन आनंद और फैजल खान से जुड़े विवाद तथा प्रशासनिक कार्रवाई पर भी नाराजगी जाहिर की।

वहीं अमर यादव ने कहा कि प्रिंस की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को नेपाल सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर इस संदिग्ध मौत की गहन जांच करानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

फिलहाल धमसेना गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण प्रशासनिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। सभी की नजर अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और नेपाल पुलिस की जांच पर टिकी है, जिससे प्रिंस यादव की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।