सहरसा। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में एक संदिग्ध फार्महाउस से देशी हथियार, कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के तरियामा वार्ड नंबर-04 निवासी अजीत अगरकर (पिता- घनश्याम गुप्ता) के बासा (फार्महाउस) में अवैध हथियार छिपाकर रखे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। आशंका जताई गई थी कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने में किया जा सकता है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और छापेमारी के लिए मौके पर भेजा गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी **** ने रविवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस टीम जब तरियामा स्थित फार्महाउस पर पहुंची, तब स्थानीय ग्रामीणों और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान मिले।
बरामद सामान में एक लोहे का देशी पिस्टल (बिना मैगजीन), एक लगभग 24 इंच लंबा बड़ा देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस शामिल हैं। कारतूसों पर 7.62 M 80160 FV और 7.2 POF L2 A2 जैसे अंकन पाए गए। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी अजीत अगरकर पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ सिमरी बख्तियारपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।