Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:35 करोड़ की लागत से सहरसा एयरपोर्ट होगा अपग्रेड, 15 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 20, 2026

SAHARSA:35 करोड़ की लागत से सहरसा एयरपोर्ट होगा अपग्रेड, 15 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य

Saharsa Airport Upgrade Project: 35 करोड़ की लागत से सहरसा एयरपोर्ट होगा अपग्रेड, 15 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य

सहरसा। कोसी क्षेत्र के लोगों के लंबे इंतजार के बाद सहरसा हवाई अड्डे के विकास और उन्नयन की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा जारी ई-निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निविदा में चार कंपनियों—आद्याराज डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, आनंद बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, एमएचपीएल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और एससीसी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड—ने भाग लिया है। तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।

35 करोड़ से अधिक की परियोजना

एएआई ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 35.14 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी किया है। परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड में पूरा किया जाएगा। एयरपोर्ट का निर्माण आधुनिक भूकंपरोधी तकनीक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप होगा। इसके लिए प्री-इंजीनियर्ड और प्री-फैब्रिकेटेड संरचनाओं का उपयोग किया जाएगा, जिससे भवन अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बन सके।

छोटे क्षेत्रीय विमानों का होगा संचालन

परियोजना के तहत मौजूदा हवाई अड्डे को कोड-2बी श्रेणी के विमान संचालन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके बाद यहां से 19 से 20 यात्रियों की क्षमता वाले छोटे क्षेत्रीय विमान उड़ान भर सकेंगे।

योजना के अनुसार 1580 वर्गमीटर क्षेत्र में दो मंजिला टर्मिनल भवन बनेगा, 165 वर्गमीटर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर तैयार होगा और 451 वर्गमीटर में फायर स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 1000 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा रनवे विकसित किया जाएगा।

साथ ही पार्किंग, सीमा दीवार, जलापूर्ति व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

15 महीने में पूरा होगा निर्माण

एएआई द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार निर्माण कार्य 15 महीने के भीतर पूरा करना होगा। परियोजना पूरी होने के बाद सहरसा से क्षेत्रीय हवाई सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। यह परियोजना केंद्र सरकार की उड़ान योजना और बिहार सरकार की हवाई संपर्क विस्तार रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।

कोसी-सीमांचल को मिलेगा बड़ा लाभ

स्थानीय लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट विकसित होने से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वर्षों से लंबित इस परियोजना के धरातल पर उतरने से सहरसा की पहचान एक उभरते क्षेत्रीय केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।