मधेपुरा में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे, भिरखी रेलवे ढाला पर घंटों बाधित रहा आवागमन
मधेपुरा। जिले के रेलवे स्टेशन के पास स्थित भिरखी रेलवे ढाला पर शनिवार दोपहर एक मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद रेलवे ढाला पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के दो खाली डिब्बे पटरी से उतर गए। पटरी से उतरते समय डिब्बों की चपेट में आकर रेलवे ढाला की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वक्त ढाला पर मौजूद कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
मालगाड़ी के चालक ने बताया कि हादसा शंटिंग के दौरान हुआ और जिन डिब्बों के पटरी से उतरने की घटना हुई, वे पूरी तरह खाली थे। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। आवश्यक उपकरणों की मदद से डिब्बों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया। इस दौरान रेलवे ढाला पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि स्थिति को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, जब तक कि रेल परिचालन और सड़क यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता।