Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA CRIME:सहरसा में महिला से दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग हिरासत में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 19, 2026

SAHARSA CRIME:सहरसा में महिला से दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग हिरासत में

सहरसा में महिला से दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग हिरासत में

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा): बलवाहाट थाना क्षेत्र के एक गांव में 28 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के लिखित आवेदन पर बलवाहाट थाना पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह गुरुवार सुबह दवा लेने के लिए घर से निकली थी। दवा लेकर लौटने के दौरान तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण वह रास्ते में एक पेड़ की छांव में कुछ देर आराम करने के लिए बैठ गई।

इसी दौरान दो नाबालिग आरोपी वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने महिला को अकेला देखकर पहले पैसों का प्रलोभन दिया और गलत काम करने का दबाव बनाने लगे।

महिला द्वारा विरोध करने पर दोनों आरोपित कथित तौर पर उसे जबरन उठाकर कोसी बांध के समीप स्थित जंगल की ओर ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिजनों तक पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर सहरसा न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।