Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA CRIME:सहरसा में युवक पर चाकू से हमला, बाइक लूटकर फरार हुआ बदमाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

SAHARSA CRIME:सहरसा में युवक पर चाकू से हमला, बाइक लूटकर फरार हुआ बदमाश

सहरसा में युवक पर चाकू से हमला, बाइक लूटकर फरार हुआ बदमाश

सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बलवाहाट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक लूट लेने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान कनरिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 निवासी शंकर यादव के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

रास्ता पूछने के बहाने रोकी बाइक

जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार बाइक से बलवाहाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान बघवा गांव के समीप दो गछिया के पास सड़क किनारे खड़े एक युवक ने उसे रुकने का इशारा किया। प्रिंस ने मानवता के नाते बाइक रोक दी।

बताया जाता है कि बाइक रुकते ही युवक उस पर बैठ गया। जब प्रिंस ने उससे गंतव्य के बारे में पूछा तो आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उसके गले पर वार कर दिया। हमले में प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचा घायल

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।

लूटपाट या पुरानी रंजिश, जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल पहुंचे एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि युवक को चाकू मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण अभी उसका विस्तृत बयान नहीं लिया जा सका है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना केवल बाइक लूट के उद्देश्य से की गई या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

फिलहाल समाचार लिखे जाने तक पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।