Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पुलिस पर हमला मामले में कॉमेडी एक्टर रमेश सहनी गिरफ्तार, थानेदार को बंधक बनाने के केस में भेजा गया जेल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

BIHAR:पुलिस पर हमला मामले में कॉमेडी एक्टर रमेश सहनी गिरफ्तार, थानेदार को बंधक बनाने के केस में भेजा गया जेल

पुलिस पर हमला मामले में कॉमेडी एक्टर रमेश सहनी गिरफ्तार, थानेदार को बंधक बनाने के केस में भेजा गया जेल

मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला और तत्कालीन थानाध्यक्ष को बंधक बनाने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपियों में शामिल कॉमेडी एक्टर रमेश सहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी रमेश सहनी को पियर चौक से गिरफ्तार किया गया। बड़गांव निवासी रमेश सहनी स्थानीय स्तर पर कॉमेडी वीडियो बनाने के लिए भी जाना जाता है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले में तत्कालीन पियर थानाध्यक्ष रजनीकांत के बयान पर 50 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों पर पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त करने, सरकारी हथियार छीनने का प्रयास करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।

डीजे वाहन की जांच से शुरू हुआ था विवाद

6 फरवरी को बंदरा के बड़गांव चौक पर पुलिस गश्ती दल ने एक डीजे वाहन को रोककर पूछताछ की थी। इसी दौरान पुलिस और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

घटना में तत्कालीन थानाध्यक्ष रजनीकांत, एक एएसआई समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़गांव के सरपंच लालबाबू सहनी भी जख्मी हुए थे। आरोप है कि इसके बाद उग्र ग्रामीणों ने थानेदार को बंधक बना लिया और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद थानाध्यक्ष को मुक्त कराया गया और जाम समाप्त हुआ। घटना के बाद बढ़े विवाद और राजनीतिक दबाव के बीच तत्कालीन थानाध्यक्ष रजनीकांत को निलंबित कर दिया गया था।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।