पूर्वी चंपारण में चार नाबालिग लड़कियां बरामद, मौलवी गिरफ्तार; मानव तस्करी एंगल से जांच तेज
पूर्वी चंपारण जिले के शिकरगंज थाना क्षेत्र से लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में एक मौलवी असफाक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने संपर्क में रखने और उन्हें कहीं ले जाने की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस अब मानव तस्करी समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मोतिहारी एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चारों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के घर से एक लड़की का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले पीड़ित लड़कियों के गांव स्थित एक मदरसे में पढ़ाता था। इसी दौरान उसका कुछ छात्राओं से संपर्क बढ़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर लड़कियों को बेहतर जीवन, शादी और विदेश यात्रा जैसे सपने दिखाकर प्रभावित करने का आरोप है।
बरामद छात्राओं में से एक ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी को फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से लड़कियों को कहीं ले जाने और बेचने संबंधी बातचीत करते सुना था। इस बयान के बाद पुलिस ने मानव तस्करी की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्कों, संभावित नेटवर्क और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी पहलुओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।