सहरसा में एक दिन की बारिश से सड़क बनी तालाब, बैजनाथपुर ओवरब्रिज के पास 3 फीट जलजमाव से आवागमन ठप
सहरसा। नगर निगम क्षेत्र के बैजनाथपुर ओवरब्रिज के समीप संपर्क सड़क पर महज एक दिन की बारिश के बाद करीब तीन फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई। जलजमाव के कारण बाइक, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा।
कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि राहगीरों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर लगातार पानी भरे रहने से आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। पानी के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की निष्क्रियता के बीच स्थानीय युवक हीरा ने खुद पहल करते हुए सड़क पर जमा पानी को नाले में निकालने का प्रयास किया। उनके प्रयास से कुछ हद तक जलनिकासी हुई और आवागमन आंशिक रूप से बहाल हो सका। हालांकि सड़क पर अब भी काफी मात्रा में पानी जमा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बैजनाथपुर ओवरब्रिज के निर्माण के बाद दोनों ओर की संपर्क सड़कों का समुचित निर्माण और प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। लेकिन संबंधित विभागों की लापरवाही और आपसी समन्वय की कमी का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।
इस मामले में प्रभात झा ने बताया कि जिन स्थानों पर जलजमाव की समस्या है, वहां से पानी निकासी के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।