Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: एक यू-टर्न और चार मौतें...; कैसे काल बन गई बरात की रास्‍ता भटकी स्कॉर्पियो - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 30, 2026

BIHAR: एक यू-टर्न और चार मौतें...; कैसे काल बन गई बरात की रास्‍ता भटकी स्कॉर्पियो


बेगूसराय। सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के समीप एनएच-31 पर रविवार की देर रात दो स्कार्पियो की आमने-सामने की टक्‍कर ने कई परिवारों को कभी न खत्‍म होने वाला दर्द दे दिया।

पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहे तीन दोस्त तथा बरात में शामिल एक युवक की मौत से मातम पसरा हुआ है। 8 घायलों के जल्‍द स्‍वस्‍थ होने की दुआ सभी कर रहे हैं।

पोखरिया वार्ड-37 निवासी ललन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार, बैजू शर्मा के 24 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार, वार्ड-36 निवासी चिक्कू साह उर्फ राजन के 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार की घटनास्‍थल पर मौत हो गई थी।

वहीं खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रानी शकरपुरा निवासी पंकज महतो के 21 वर्षीय पुत्र राजा कुमार ने रेफर किए जाने के बाद दम तोड़ दिया।

बर्थडे के बाद जा रहे थे गंगा स्‍नान करने

पोखरिया मोहल्ले के छह दोस्त अपने मित्र करण का बर्थ डे मनाने के बाद पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहे थे।

उन्‍हें क्‍या पता था क‍ि रास्‍ता भटक गई एक स्‍कॉर्पियो उनके लिए काल बनकर आ रही है। दरअसल बखरी के राटन से सिंघौल थाना के विनोदपुर जा रही बरात की स्काॅर्पियो रास्ता भटक गई।

अंग्रेजी ढाला के समीप एनएच-31 के कट से यू-टर्न ले रही थी। इसी दौरान दोनों स्‍कॉर्पियो की टक्‍कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

तीन की घटनास्‍थल पर ही मौत

सिमरिया जा रही स्कार्पियो पर सवार ऋषभ कुमार, सन्नी कुमार और हिमांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसी वाहन पर सवार पोखरिया निवासी करण कुमार, रवि कुमार और रूपेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी स्कार्पियो पर सवार राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

राटन निवासी प्रीत कुमार, विकास कुमार, प्रियांशु कुमार और ज्योतिष कुमार समेत अन्य घायलों का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।

बरात में सबसे पीछे रही गाड़ी भटक गई रास्‍ता

बताते चलें कि राटन गांव निवासी राजकुमार पासवान के पुत्र सोनू कुमार की शादी थी। बरात राटन से सिंघौल के विनोदपुर जानी थी।

रात में लगभग साढ़े 10 बजे बरात निजी वाहन से विनोदपुर के लिए निकली। प्राप्त समाचार के अनुसार दुल्हा समेत सभी वाहन पहुंच गए। परंतु एक वाहन पीछे रह गया।

एनएच 31 पर केशावे नेक्शा शोरूम के समीप उक्त स्काॅर्पियो की सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार स्कार्पियो से भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में चार युवकों की मौत हो गई।

मृतकों में बरात वाहन के चालक खगड़िया जिला के अलौली थाना क्षेत्र के रानी शकरपुरा निवासी पंकज राय का 22 वर्षीय पुत्र राजा कुमार भी शामिल है।

हालांकि राजा को बचाने का भरसक प्रयास किया गया। उसकी स्थिति को गंभीर पाते हुए डाक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।