Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:पूर्णिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 600 ग्राम स्मैक और 200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 21, 2026

PURNEA:पूर्णिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 600 ग्राम स्मैक और 200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

 

पूर्णिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 600 ग्राम स्मैक और 200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

पूर्णिया में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में स्मैक और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। रौटा और रघुवंशनगर थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 600 ग्राम स्मैक, 200 बोतल कोडीनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप, एक बाइक और दो मोबाइल जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाल के दिनों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। दोनों मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

मोबाइल और स्मैक बरामद

रौटा थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से 600 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से एक मोबाइल भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अब्दुल नसीम (29) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के बुजूरुक पिरोजपुर गांव का निवासी है। शुरुआती जांच में पुलिस को अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का मानना है कि बरामद स्मैक की खेप स्थानीय बाजार में खपाने की तैयारी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप जब्त

दूसरी ओर रघुवंशनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने सरसी-बहेलिया स्थान मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी।

इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे सरसी दुर्गा स्थान के समीप पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से 15 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां दो बोरियों में छिपाकर रखी गई कफ सिरप की बोतलें बरामद हुईं। इस तरह कुल 200 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त की गई।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

गिरफ्तार युवक की पहचान मो. साहिल (18) के रूप में हुई है, जो पारसमणि पंचायत वार्ड 10 का निवासी है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें किन इलाकों में पहुंचाया जाना था। मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे गिरोह को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।