Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:प्रेम विवाह के 20 दिन बाद टूटा रिश्ता, पति पर दहेज मांगने और पत्नी मानने से इनकार का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

PURNEA:प्रेम विवाह के 20 दिन बाद टूटा रिश्ता, पति पर दहेज मांगने और पत्नी मानने से इनकार का आरोप

प्रेम विवाह के 20 दिन बाद टूटा रिश्ता, पति पर दहेज मांगने और पत्नी मानने से इनकार का आरोप

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और शादी से मुकरने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एससी-एसटी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़िता चांदनी कुमारी ने बताया कि वर्ष 2022 में इलाज के दौरान उसकी मुलाकात धमदाहा अस्पताल में कार्यरत गोपाल कुमार शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों ने इसी वर्ष 2 जनवरी को कोर्ट मैरिज कर एकरारनामा भी कराया।

महिला का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन करीब 20 दिन बाद ही पति और उसके परिवार के लोगों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। उससे पांच लाख रुपये नकद और एक बाइक लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाने लगी।

पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद उसे घर से निकाल दिया गया। जब वह अपने परिचितों और समाज के लोगों के साथ ससुराल पहुंची और अपने अधिकार की बात की, तब पति ने सार्वजनिक रूप से उसे पत्नी मानने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि पति ने कहा कि उसने शादी केवल कुछ दिनों के लिए की थी और अब उसका उससे कोई संबंध नहीं है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद उसने एससी-एसटी थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।