Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, दो सगे भाई गिरफ्तार; 7.19 ग्राम स्मैक और ₹50,790 नकद बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

BIHAR:स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, दो सगे भाई गिरफ्तार; 7.19 ग्राम स्मैक और ₹50,790 नकद बरामद

कटिहार में स्मैक तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 7.19 ग्राम स्मैक और ₹50 हजार से अधिक नकदी बरामद

कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर मरालेन गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.19 ग्राम स्मैक और 50,790 रुपये नकद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा को सूचना मिली थी कि मरालेन गांव के एक घर में स्मैक की पुड़िया बनाकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दो युवक पीछे के रास्ते से भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 7.19 ग्राम स्मैक और नशे की बिक्री से अर्जित 50,790 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार दोनों युवक सगे भाई बताए गए हैं। उनकी पहचान 19 वर्षीय विकास कुमार और शिवजी महतो के रूप में हुई है। दोनों मरालेन गांव के निवासी हैं और इनके पिता का नाम अमर कुमार महतो है।

पुलिस ने बरामद स्मैक और नकदी को जब्त कर लिया है तथा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं।

प्रारंभिक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।