Kosi Live-कोशी लाइव खगड़िया में 110 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो कार और मोबाइल जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

खगड़िया में 110 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो कार और मोबाइल जब्त

खगड़िया में 110 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो कार और मोबाइल जब्त

खगड़िया पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 110 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान अंतरजिला तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से दो चार पहिया वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

सदर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मानसी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सहरसा की ओर से दो कारों में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर मानसी की तरफ आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक रिक्की कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने हरदिया ढाला से कात्यायनी स्थान जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की सफेद सेलेरियो कार और एक सफेद वैगन आर कार को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दोनों कारों को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहनों से करीब 110 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। बरामद वाहनों और मोबाइल फोन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।