मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के आवासीय परिसर में रविवार सुबह छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव को पाइप से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं, स्कूल संचालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड संख्या-10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम (6) के रूप में हुई है। वह यूकेजी का छात्र था और पिछले लगभग छह माह से स्कूल के आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या कर शव को स्कूल परिसर स्थित शौचालय के पास एक पाइप से बांध दिया गया था। उनका कहना है कि घटना के बाद स्कूल संचालक शव को घर पहुंचाकर चला गया। इसके बाद परिजन शव लेकर स्कूल पहुंचे और हंगामा किया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की मां गुंजन देवी ने बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक ने उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी। स्कूल पहुंचने पर मोबाइल फोन में दिखाई गई तस्वीर में उनका बेटा शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ नजर आ रहा था। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक की पत्नी उनके बेटे को रस्सी से खोलकर गोद में लिए रो रही थी। मां ने कहा कि उनका बेटा बेहद चंचल स्वभाव का था और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
छात्र ने किया चौंकाने वाला दावा
घटना को लेकर स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र आकाश कुमार ने दावा किया कि शनिवार रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली तो उसने दो अज्ञात व्यक्तियों को आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर शौचालय की ओर ले जाते देखा। उसके अनुसार दोनों का चेहरा ढंका हुआ था और वे स्कूल के पीछे बनी टीन व फूस की घेराबंदी हटाकर परिसर में घुसे थे। उसने शोर मचाकर स्कूल प्रबंधन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद दोनों व्यक्ति वहां से भाग गए।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
जानकारी के अनुसार जेडी पब्लिक स्कूल पिछले करीब पांच वर्षों से संचालित हो रहा है। घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।