हेडलाइन:
नकली एयरगन के दम पर लोगों को डराकर करता था छिनतई, पुरैनी पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मधेपुरा/पुरैनी:
मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में लोगों को नकली हथियार दिखाकर डराने-धमकाने और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पिस्टलनुमा एक नकली एयरगन बरामद की गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के राम मंडल टोला निवासी 35 वर्षीय वाल्मीकि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हथियारनुमा वस्तु लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से एयरगन बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उक्त एयरगन दिखाकर राहगीरों और स्थानीय लोगों को डराता-धमकाता था तथा छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने बरामद एयरगन को जब्त कर लिया है।
पुरैनी थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है और उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से युवक की गतिविधियों को लेकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। अब पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।