हेडलाइन:
मधेपुरा: जिले के ग्वालपाड़ा थाना पुलिस ने सोमवार को एक नामजद आरोपी रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फूलवाड़िया वार्ड संख्या-13 का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रौशन कुमार के खिलाफ ग्वालपाड़ा थाना में आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाकर आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।