मधेपुरा में ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का खुलासा, लूट के लिए मारी थी गोली; 2 आरोपी गिरफ्तार
मधेपुरा: बिहारीगंज थाना कांड संख्या 199/26 (हत्या कांड) का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मधेपुरा पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर की गई।
पुलिस के अनुसार, 7-8 जून की रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर चालक शिवम शर्मा, मकई व्यवसायी बबलू कुमार के 102 बोरा मकई लोड कर वेयरहाउस में अनलोड करने जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी और शव को एसएच-91 बिहारीगंज रोड पर फेंक दिया।
मामले में मृतक की पत्नी कविता कुमारी ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने रूपेश कुमार (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट और शिवम शर्मा की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त Bajaj Pulsar मोटरसाइकिल और मृतक से छीने गए कागजात बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सोनु कुमार उर्फ रॉकी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधियों का मुख्य उद्देश्य मक्का लदा ट्रैक्टर लूटना था। विरोध करने पर चालक शिवम शर्मा को गोली मार दी गई।
छापेमारी दल में लवकुश कुमार, दीपक कुमार, खुर्शीद आलम, डीआईयू टीम और एसटीएफ के जवान शामिल थे।