Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में दो सड़क हादसों में 2 की मौत, एक घायल;थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 18, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में दो सड़क हादसों में 2 की मौत, एक घायल;थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप

मधेपुरा में दो सड़क हादसों में 2 की मौत, एक घायल; चौसा थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप

मधेपुरा: मधेपुरा के चौसा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पहली घटना फुलौत में निर्माणाधीन एनएच-106 पर हुई। जानकारी के अनुसार, फुलौत से आलमनगर की ओर जा रहे एक टोटो को विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टोटो पर सवार मोरसंडा वार्ड-10 निवासी चरित्र मंडल (65) और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौसा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चरित्र मंडल को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक की पहचान बजराहा गांव निवासी श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।

फुलौत थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना में 15 जून को हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह दुर्घटना लौआलगान गांव के समीप भटगामा-उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग (SH-58) पर हुई थी।

मृतक की पहचान अरुण राय उर्फ बमबम यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद उन्हें पहले चौसा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।