Kosi Live-कोशी लाइव भागलपुर की बेटी वैष्णवी चौधरी ने BPSC में लहराया परचम, 47वीं रैंक के साथ बनीं SDM/SDC - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 21, 2026

भागलपुर की बेटी वैष्णवी चौधरी ने BPSC में लहराया परचम, 47वीं रैंक के साथ बनीं SDM/SDC

भागलपुर की बेटी वैष्णवी चौधरी ने BPSC में लहराया परचम, 47वीं रैंक के साथ बनीं SDM/SDC

भागलपुर। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में भागलपुर की बेटी वैष्णवी चौधरी ने शानदार सफलता हासिल कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। वैष्णवी ने पूरे बिहार में 47वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से भागलपुर के आदमपुर इलाके के साथ-साथ उनके मूल निवास मुंगेर जिले के तारापुर में भी खुशी और उत्सव का माहौल है।

SDM/SDC पद पर हुआ चयन

BPSC में टॉप रैंकर्स में जगह बनाने के बाद वैष्णवी चौधरी का चयन सब डिविजनल मजिस्ट्रेट / सीनियर डिप्टी कलेक्टर (SDM/SDC) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से परिवार बेहद गौरवान्वित है।

वैष्णवी के पिता उमाकांत चौधरी शहर के जाने-माने योग प्रशिक्षक हैं। बेटी की सफलता पर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं। घर पर बधाई देने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। उनकी माता पूनम बाला चौधरी ने कहा, “मैं अपनी बेटी पर गर्व महसूस करती हूं।”

दिल्ली के दयाल सिंह कॉलेज से किया ग्रेजुएशन

वैष्णवी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भागलपुर के माउंट असीसी स्कूल से 10वीं तक पूरी की। इसके बाद राजस्थान के बनस्थली विद्यापीठ से शानदार अंकों के साथ इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

उच्च शिक्षा के लिए वैष्णवी दिल्ली चली गईं, जहां उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के प्रतिष्ठित दयाल सिंह कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से कर रहीं मास्टर्स

स्नातक के बाद भी वैष्णवी ने पढ़ाई जारी रखी। अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में दाखिला लिया, जहां से वह वर्तमान में भूगोल (Geography) विषय में मास्टर्स कर रही हैं।

दिल्ली में रहकर उच्च शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने BPSC की तैयारी भी जारी रखी और अपनी लगन, अनुशासन तथा मेहनत के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की।