बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, तीन दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत
साहेबपुर कमाल (बेगूसराय): बिहार के बेगूसराय जिले से बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बखड्डा ढाला के समीप गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी पुलिसकर्मी पटना में प्रशिक्षण पूरा कर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बेगूसराय के बखड्डा ढाला के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी
- साजन कुमार पासवान — रतवारा थानाध्यक्ष (निवासी: कटिहार)
- ज्ञानेंद्र अमरेंद्र — अरार थानाध्यक्ष (निवासी: कैमूर)
- नीरज कुमार — बेलारी थानाध्यक्ष (निवासी: डेहरी, रोहतास)
- ज्योतिष कुमार — वाहन चालक, निवासी उदाकिशुनगंज, मधेपुरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 का यह हिस्सा पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और कमजोर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बिहार पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए लोगों ने उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।