Khan Sir Coaching Controversy: पटना में खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस तीनों से घटना को लेकर लगातार सवाल-जवाब कर रही है. तीनों को पटना के दीघा थाने पुलिस ले गई है.
घटना के बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और वहां के कुछ कर्मियों पर हमला करवाने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि कोचिंग में घुसकर तोड़फोड़ की गई, पोस्टर फाड़े गए और सिक्योरिटी गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई.
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस को घटना के CCTV फुटेज भी मिले हैं. वीडियो में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. इसी आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
गार्ड का सिर फूटा, PMCH में भर्ती
हमले में कोचिंग के सिक्योरिटी गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं. खान सर के मुताबिक हमलावरों ने गार्ड का सिर फोड़ दिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
गोलीबारी के दावे से पीछे हटे खान सर
घटना के बाद खान सर ने शुरुआत में 8 से 10 राउंड गोली चलने की बात कही थी. हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि घटना के समय माहौल काफी तनावपूर्ण था और उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं समझ आई. उनकी ओर से दर्ज FIR में भी फायरिंग का जिक्र नहीं है. वहीं पुलिस ने भी गोलीबारी की पुष्टि से इनकार किया है.
हमले के बाद बंद रही कोचिंग
घटना के बाद बुधवार को खान सर की कोचिंग बंद रखी गई. खान सर ने कहा कि मौजूदा हालात में पढ़ाई कराना संभव नहीं है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है.
छात्रों ने किया प्रदर्शन
हमले की घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए. छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. उनका कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. पटना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और CCTV समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.