Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:ग्वालपाड़ा में नदी में डूबा पांचवीं का छात्र, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

MADHEPURA:ग्वालपाड़ा में नदी में डूबा पांचवीं का छात्र, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

मधेपुरा में नदी में डूबने से पांचवीं के छात्र की मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था गोलू

मधेपुरा शहर में एक दर्दनाक हादसे में पांचवीं कक्षा के छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्वालपाड़ा प्रखंड के अरार सुखासन वार्ड संख्या-9 निवासी संतोष कुमार के 13 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। गोलू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पढ़ाई के लिए मधेपुरा में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद गोलू अपने चार-पांच दोस्तों के साथ विद्यालय के समीप बह रही नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में गोलू को तत्काल मधेपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।