मुजफ्फरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान दरोगा ने वर्दी में भांजी तलवार, वीडियो वायरल
मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा खुद धार्मिक आवेश में आकर तलवारबाजी करने लगा। खाकी वर्दी में तलवार भांजते दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला कांटी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए तैनात कांटी थाने के सब-इंस्पेक्टर मुस्तकीम खान अचानक अखाड़े में उतर गए और तलवारबाजी करने लगे।
कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय दिखाने लगे करतब
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मुस्तकीम खान पुलिस वर्दी में हैं। उनकी नेम प्लेट और पुलिस बैज भी स्पष्ट नजर आ रहा है। इसके बावजूद वे हाथ में नंगी तलवार लेकर हवा में लहराते हुए करतब दिखा रहे हैं।
जुलूस में मौजूद लोग उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
SSP ने दिए जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान किसी पुलिसकर्मी द्वारा इस तरह सार्वजनिक रूप से हथियार लहराना गंभीर अनुशासनहीनता माना जा सकता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।