Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भागलपुर में थाना परिसर में स्मैक सेवन का वीडियो वायरल, रिश्वत लेकर छोड़ने का भी आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 27, 2026

BIHAR:भागलपुर में थाना परिसर में स्मैक सेवन का वीडियो वायरल, रिश्वत लेकर छोड़ने का भी आरोप

भागलपुर में थाना परिसर में स्मैक सेवन का वीडियो वायरल, रिश्वत लेकर छोड़ने का भी आरोप
प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर भागलपुर पुलिस ने अमडंडा थाना से जुड़े वायरल वीडियो मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर दो युवकों को थाना परिसर में नशीले पदार्थ (स्मैक/ब्राउन शुगर) का सेवन करते देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
थाना परिसर में संदिग्ध पदार्थ का सेवन करते दिखा युवक
वायरल वीडियो में एक युवक अमडंडा थाना परिसर के अंदर माचिस जलाकर किसी संदिग्ध पदार्थ का सेवन करता दिखाई दे रहा है। यह दावा किया जा रहा है कि युवक हिरासत में था और उसी दौरान उसने छिपाकर रखे नशीले पदार्थ का सेवन किया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
32 हजार रुपये लेकर छोड़ने का आरोप
मामले से जुड़े दूसरे वीडियो में आरोप लगाया गया है कि थाना पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ने के बदले पैसों की मांग की। आरोप के मुताबिक, एक युवक के परिजनों से 25 हजार रुपये और दूसरे युवक के परिवार से 7 हजार रुपये लिए गए। कुल 32 हजार रुपये लेकर दोनों को छोड़ देने का दावा किया जा रहा है।
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमोद कुमार यादव ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कहलगांव-एक को निष्पक्ष और विस्तृत जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ विभागीय तथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि भागलपुर पुलिस भ्रष्टाचार, अनियमितता और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
वायरल वीडियो में युवक ने क्या कहा?
वीडियो बनाने वाला खुद को मानवाधिकार कार्यकर्ता बता रहा है। वीडियो में बोरा गांव निवासी संदीप कुमार सिंह नामक युवक दावा करता है कि सूरज नाम के व्यक्ति की मुखबिरी पर पुलिस ने उसे और पवन को स्मैक के साथ पकड़ा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने अधिकांश सामान जब्त कर लिया, लेकिन संदीप के अनुसार उसने थोड़ी ब्राउन शुगर छिपाकर रख ली थी, जिसका उसने थाना परिसर में ही सेवन किया।
संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान तीनों को खाना दिया गया, लेकिन पुलिस के कथित मुखबिर सूरज को विशेष तौर पर मटन खिलाया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वायरल वीडियो कुछ दिन पुराना हो सकता है। हालांकि वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियां और सभी आरोपों की जांच अभी जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करें।