हेडलाइन: वायरल वीडियो पर मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिपाही आशीष कुमार तिवारी निलंबित
मोतिहारी: आशीष कुमार तिवारी से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पूर्वी चंपारण पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव की चर्चित घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए मोतिहारी जिला बल में तैनात सिपाही आशीष कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसपी ने बताया— आचार नियमावली का गंभीर उल्लंघन
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सिपाही आशीष कुमार तिवारी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा कर बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली, 2026 का गंभीर उल्लंघन किया है।
पुलिस उपाधीक्षक (शिक्षा), पुलिस केंद्र मोतिहारी द्वारा की गई जांच रिपोर्ट में उनके आचरण को अनुशासनहीन, मनमाना और सरकारी सेवक के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच के दौरान उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं माना गया।
विभागीय जांच शुरू, पुलिस का सख्त संदेश
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया और विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस विभाग ने साफ कहा है कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
बिलौटी कांड के बाद वायरल वीडियो पर हुई इस कार्रवाई की पूरे पुलिस महकमे में चर्चा है। इस कदम ko पुलिस विभाग द्वारा अनुशासन और सेवा नियमों को लेकर अपनाए गए सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।