मधुबनी। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने उस समय अफरातफरी मच गई, जब जमीन विवाद से जुड़े एक बुजुर्ग ने खुद पर आग लगा ली।
देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
दखल-देहानी की कार्रवाई के दौरान हुआ हंगामा
जानकारी के अनुसार, बेनीपट्टी के अधवारी गांव के वार्ड संख्या-05 में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दखल-देहानी की कार्रवाई की जा रही थी। अतिक्रमण हटाने के लिए अंचलाधिकारी, न्यायालय कर्मी और पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान जमीन मालिक राजेंद्र ठाकुर (60) अपने घर से बाहर निकले। इसी बीच घटनास्थल पर अचानक आग लगने की घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई जान
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग से झुलसे राजेंद्र ठाकुर को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
न्यायालय कर्मियों से धक्का-मुक्की
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने न्यायालय कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और न्यायालय कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से हालात को नियंत्रित किया गया।
प्रशासन ने कहा, स्थिति सामान्य
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मौके पर एसडीएम, एसडीपीओ सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं। गांव में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।