Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद SI लाइन क्लोज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 27, 2026

BIHAR:मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद SI लाइन क्लोज

मुजफ्फरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद SI लाइन क्लोज

मुजफ्फरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान वर्दी में तलवार घुमाकर करतब दिखाना सब इंस्पेक्टर मो. मुस्तकीम खान को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई की।

वर्दी में दो तलवारों से दिखाया करतब

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान बनाया गया था। वीडियो में सब इंस्पेक्टर मो. मुस्तकीम खान पुलिस वर्दी में दो हाथों से तलवार घुमाते हुए करतब दिखाते नजर आ रहे हैं।

जुलूस के दौरान उनके इस प्रदर्शन को वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।

SSP ने लिया संज्ञान, SI को किया लाइन क्लोज

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया है।

इसके साथ ही सब इंस्पेक्टर को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

विभागीय जांच के आदेश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि ड्यूटी के दौरान इस तरह सार्वजनिक रूप से तलवार का प्रदर्शन करना पुलिस आचरण संहिता और विभागीय नियमों का उल्लंघन है या नहीं।

जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे पारंपरिक जुलूस का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी द्वारा वर्दी में इस तरह का प्रदर्शन कितना उचित है। अब सभी की नजर विभागीय जांच रिपोर्ट पर टिकी है।