बिहार के Jamui जिले से एक चर्चित और अनोखा मामला सामने आया है। लक्ष्मीपुर प्रखंड के हरला गांव की बीपीएससी शिक्षिका नयनश्री और उनकी फुफेरी बहन राखी कुमारी के बीच बचपन की दोस्ती समय के साथ प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ पढ़ाई की और आगे की शिक्षा के लिए पटना चली गईं, जहां उनकी नजदीकियां और बढ़ीं।
बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी के दौरान दोनों ने साथ रहने और जीवनभर साथ निभाने का फैसला किया। वर्ष 2025 में नयनश्री को शिक्षक की नौकरी मिलने के बाद दोनों ने शादी करने की योजना बनाई। शादी को संभव बनाने के लिए राखी ने जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया अपनाई और राहुल बन गईं। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया पर करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए, जिसके लिए नयनश्री ने अपने नाम पर लोन भी लिया।
परिजनों के अनुसार, दिल्ली के एक अस्पताल में जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया पूरी की गई। परिवार को इसकी जानकारी काफी बाद में मिली। राहुल और नयनश्री ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया और शादी के बाद जब दोनों घर पहुंचे, तब परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई।
राहुल की बड़ी बहन रेणु कुमारी ने बताया कि परिवार को न तो जेंडर ट्रांजिशन की जानकारी थी और न ही शादी की। दोनों के घर पहुंचने के बाद ही परिजनों को पूरे मामले का पता चला।
फिलहाल यह अनोखी प्रेम कहानी और शादी पूरे जमुई जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।