Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:गांजा पीकर आए हो क्या; पहचानते नहीं...', जब पुलिस से भिड़ गए JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 15, 2026

BIHAR:गांजा पीकर आए हो क्या; पहचानते नहीं...', जब पुलिस से भिड़ गए JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल

Bhagalpur News: भागलपुर के बरारी में सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे के आरोप को लेकर पूर्व विधायक गोपाल मंडल और डायल 112 पुलिस आमने-सामने आ गई. बरारी में रास्ते के विवाद को लेकर ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ कि मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए. भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित पुरानी ड्योढ़ी रोड कॉलोनी में सार्वजनिक रास्ते की घेराबंदी की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी.


जानकारी के अनुसार, आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा ईंट जोड़कर सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी. इसी शिकायत के आधार पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और काम रोकने का निर्देश दिया. लेकिन इसी दौरान पूर्व विधायक गोपाल मंडल और मौके पर मौजूद दारोगा के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि पूर्व विधायक ने दारोगा पर 'गांजा पीकर आने' जैसी टिप्पणी भी कर दी. हालांकि दारोगा ने भी कड़े लहजे में जवाब देते हुए कहा कि वे सरकार की ड्यूटी कर रहे हैं और कानून के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

इधर, स्थानीय निवासी टिंकू कुमार ने बरारी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सार्वजनिक रास्ते को घेरने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर दबाव बनाया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसी रास्ते को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है और अदालत के आदेश के बाद इसे आम लोगों के लिए खुलवाया गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि रास्ता विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.